प्रयागराज
नैनी क्षेत्र में नए यमुना पुल चौराहे के पास शुक्रवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार दो कारों की आमने-सामने हुई जबरदस्त भिड़ंत में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार फाफामऊ के शांतिपुरम निवासी दीपक चौरसिया अपने परिवार के साथ माता मैहर देवी के दर्शन के लिए जा रहे थे। सुबह करीब 10:30 बजे उनकी कार नैनी स्थित नए यमुना पुल चौराहे के पास पहुंची ही थी कि सामने से आ रही तेज रफ्तार कार से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पलट गई और उसके परखच्चे उड़ गए।
हादसे में दीपक चौरसिया समेत परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं अर्पित कुमार यादव (21) निवासी सुल्तानपुर, प्रिंस पुत्र रामगोपाल निवासी महेवा समेत तीन लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही नैनी पुलिस मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे, जिसके चलते टक्कर बेहद खतरनाक साबित हुई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है।


