32 C
Lucknow
Saturday, May 9, 2026

चाचूपुर मोड़ पर युवक का शव मिलने से सनसनी: फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, मौत बनी रहस्य

Must read

फर्रुखाबाद। थाना राजेपुर क्षेत्र में शनिवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। चाचूपुर मोड़ स्थित एक विद्यालय के पास युवक का शव पड़े होने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही राजेपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान 22 वर्षीय ब्रजेश राजपूत पुत्र बालक राम राजपूत निवासी ग्राम चाचूपुर जटपुरा थाना राजेपुर के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने सुबह सड़क किनारे शव पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी गई। युवक की संदिग्ध मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। आसपास के क्षेत्र की भी गहन जांच की गई ताकि यह पता लगाया जा सके कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई।
परिजनों के मुताबिक ब्रजेश अपने परिवार में सबसे छोटा था। बड़े भाई का नाम संजू और दूसरे भाई का नाम कल्याण बताया गया है, जबकि उसकी तीन बहनों की शादी हो चुकी है। अचानक हुई इस घटना ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है। मां सावित्री देवी का रो-रोकर बुरा हाल है और घर में मातम पसरा हुआ है।
गांव में घटना के बाद दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है। ग्रामीण युवक की मौत को लेकर अलग-अलग आशंकाएं जता रहे हैं। कोई इसे हादसा बता रहा है तो कोई गहरी साजिश की आशंका जता रहा है। हालांकि अभी तक पुलिस ने किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया है।
राजेपुर पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।
थाना पुलिस का कहना है कि हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। युवक की मौत कैसे हुई, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पूरे इलाके में इस रहस्यमय मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article