फर्रुखाबाद। नवाबगंज थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक बेटे और उसकी पत्नी पर अपनी ही बुजुर्ग मां को बेरहमी से लाठी-डंडों से पीटने का आरोप लगा है। मारपीट में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में आक्रोश और चर्चा का माहौल है।
जानकारी के अनुसार नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव जानकीपुर निवासी मुरली देवी पत्नी सुरेश चंद के साथ घर में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि विवाद इतना बढ़ गया कि बेटे और बहू ने आपा खो दिया और बुजुर्ग मां पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बुजुर्ग महिला खुद को बचाने की कोशिश करती रहीं, लेकिन आरोपी लगातार मारपीट करते रहे। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, तब जाकर मामला शांत हुआ।
घायल मुरली देवी को उनके पति सुरेश चंद तत्काल नवाबगंज के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने महिला की हालत गंभीर बताते हुए उपचार शुरू किया। चिकित्सकों के अनुसार महिला के शरीर पर कई जगह गंभीर चोटों के निशान हैं।
घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जिस मां ने बेटे को पाल-पोसकर बड़ा किया, उसी पर हाथ उठाना बेहद शर्मनाक और अमानवीय है।
परिवारिक विवाद अब पुलिस तक पहुंचने की तैयारी में है। सूत्रों के मुताबिक परिजन कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रहे हैं। यदि तहरीर दी जाती है तो पुलिस आरोपी बेटे और बहू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सकती है।
कलयुगी बेटे की हैवानियत: मां को लाठी-डंडों से पीटा, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती


