फर्रुखाबाद। जनपद पुलिस व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने पुलिस लाइन से निरीक्षक अपराध सहित कई उपनिरीक्षकों के तबादले करते हुए नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। अचानक हुए इस प्रशासनिक फेरबदल से पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है।
जारी आदेश के अनुसार निरीक्षक महेंद्र सिंह को कोतवाली कायमगंज में निरीक्षक अपराध के पद पर तैनात किया गया है। वहीं उपनिरीक्षक ब्रजमोहन और अरविंद कुमार को भी कोतवाली कायमगंज भेजा गया है।
इसके अलावा उपनिरीक्षक शिवकुमार, भोलाराम और उमेश कुमार को कोतवाली फर्रुखाबाद में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी आदेश के बाद सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस विभाग में इस फेरबदल को कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों की मॉनिटरिंग से जोड़कर देखा जा रहा है। हाल के दिनों में जिले में बढ़ती आपराधिक घटनाओं और संवेदनशील मामलों को देखते हुए पुलिस प्रशासन लगातार फील्ड स्तर पर बदलाव कर रहा है।
सूत्रों के अनुसार आने वाले दिनों में थाना स्तर पर और भी प्रशासनिक बदलाव देखने को मिल सकते हैं। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह द्वारा लगातार की जा रही मॉनिटरिंग से साफ संकेत मिल रहे हैं कि लापरवाही और ढिलाई बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस महकमे में फेरबदल, निरीक्षक अपराध समेत कई उपनिरीक्षकों की नई तैनाती


