शमशाबाद, फर्रुखाबाद।
जिले के शमशाबाद थाना क्षेत्र से एक बेहद मार्मिक और चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां एक 65 वर्षीय बुजुर्ग अपनी ही संतान और दामाद के व्यवहार से आहत होकर न्याय के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हो गया है। पीड़ित बुजुर्ग ने थाना पुलिस को तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के ग्राम कासिमपुर तराई निवासी रामकिशन (65) पुत्र राम प्रसाद ने अपने दामाद भारत सिंह पुत्र सियाराम के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित के अनुसार, उसकी एकमात्र बेटी का विवाह उसने पूरे रीति-रिवाज के साथ किया था। विवाह के बाद दामाद भारत सिंह उसके घर में ही रहने लगा।
बुजुर्ग का आरोप है कि दामाद ने धीरे-धीरे उसकी बेटी को अपने प्रभाव में लेकर उसकी पूरी जमीन-जायदाद, जमा पूंजी और खेती-बाड़ी पर कब्जा कर लिया। इतना ही नहीं, पिछले तीन वर्षों से दामाद द्वारा लगातार मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न किया जा रहा है।
पीड़ित ने बताया कि जब भी वह इस अन्याय का विरोध करता है, तो दामाद गाली-गलौज करने के साथ मारपीट पर उतारू हो जाता है। हालात इस कदर बिगड़ गए कि दामाद ने बेटी को बरगलाकर बुजुर्ग के साथ अभद्र व्यवहार कराया और आखिरकार उसे घर से बेघर कर दिया।
अब बुढ़ापे में सहारे की उम्मीद रखने वाला यह बुजुर्ग दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर है। उसने थाना शमशाबाद पुलिस को तहरीर देकर अपनी बेटी और दामाद के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित रामकिशन ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि उसकी संपत्ति वापस दिलाई जाए और उसे न्याय दिलाकर सुरक्षित जीवन जीने का अवसर प्रदान किया जाए।
पुलिस का कहना है कि मामले की तहरीर प्राप्त हो गई है और जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस घटना ने समाज में पारिवारिक मूल्यों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
बेटी को बरगलाकर दामाद ने हड़पी संपत्ति, 65 वर्षीय बुजुर्ग दर-दर भटकने को मजबूर


