1.75 लाख के आइफोन वाली रिश्वत का किया खुलासा
फिरोजाबाद। प्रशासनिक महकमे को हिलाकर रख देने वाला मामला सामने आया है, जहां टूंडला की तहसीलदार राखी शर्मा ने जिलाधिकारी रमेश रंजन पर भ्रष्टाचार और यौन शोषण जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। देर रात अपने आवास पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में तहसीलदार ने खुलकर डीएम पर निशाना साधते हुए कई सनसनीखेज खुलासे किए।
राखी शर्मा ने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ जानबूझकर जांच शुरू कराई गई और उसे समाप्त कराने के एवज में उनसे करीब 1.75 लाख रुपये का महंगा आईफोन लिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि पूरे मामले में कई ऐसे पहलू हैं जिन्हें सार्वजनिक मंच पर बताने में उन्हें संकोच हो रहा है, जो आरोपों की गंभीरता को और बढ़ाते हैं।तहसीलदार ने प्रशासनिक तंत्र पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जिले में करोड़ों रुपये की जमीनों का बंदरबांट किया गया है, जिसमें बाबुओं की मिलीभगत रही है। इस पूरे घटनाक्रम ने न केवल स्थानीय प्रशासन बल्कि प्रदेश स्तर पर भी हलचल मचा दी है और अफसरशाही एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है।
उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। तहसीलदार के इन आरोपों के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है और अब सभी की नजरें सरकार की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।


