– प्रेमी से शादी के आश्वासन पर उतरी नीचे
गोरखपुर। बेलीपार थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवती 70 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गई और प्रेमी से शादी कराने की मांग करने लगी। युवती ने साफ तौर पर चेतावनी दी कि यदि उसकी बात नहीं मानी गई तो वह अपनी जान दे देगी। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों ने युवती को समझाकर नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ी रही। मामला बढ़ने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और काफी देर तक युवती को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह प्रेमी को बुलाने और उसी से शादी कराने की मांग दोहराती रही।
करीब दो घंटे तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद स्थिति तब संभली, जब युवती के प्रेमी को मौके पर बुलाया गया। प्रेमी के समझाने और शादी कराने के आश्वासन के बाद युवती टंकी से नीचे उतरने के लिए तैयार हुई। इसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली और उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
जानकारी के अनुसार, युवती की शादी उसके परिवार वालों ने किसी अन्य युवक से तय कर दी थी, जिसकी तारीख नजदीक आ गई थी। इसी बात से नाराज होकर उसने यह कदम उठाया। युवती का कहना है कि वह पिछले चार साल से अपने प्रेमी के साथ संबंध में है और उसी से शादी करना चाहती है।
मौके पर दोनों पक्षों के परिवारों को बुलाकर पुलिस ने बातचीत कराई। आपसी सहमति के बाद परिवार वालों ने वहीं पर दोनों का जयमाल करा दिया। इसके बाद युवती को उसके प्रेमी के साथ भेज दिया गया, जिससे मामला शांत हो गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, युवती पूरी तरह सुरक्षित है और पूरे मामले को समझदारी से सुलझा लिया गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि ऐसे मामलों में संयम बरतें और किसी भी तरह के जोखिम भरे कदम से बचें।


