38 C
Lucknow
Wednesday, April 15, 2026

मूर्ति स्थापना को लेकर बवाल: एक ही समाज के दो गुट भिड़े, प्रशासन ने संभाली स्थिति

Must read

लखीमपुर खीरी। अम्बेडकर जयंती के अवसर पर जिले में उस समय तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब बाबा साहेब बी . आर . अम्बेडकर की मूर्ति स्थापना को लेकर एक ही समाज के दो गुट आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद ने झड़प का रूप ले लिया, जिसमें अफरातफरी मच गई और कुछ उपद्रवी तत्वों द्वारा पथराव व वाहनों में तोड़फोड़ की घटनाएं भी सामने आईं। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया, लेकिन प्रशासन की तत्परता से हालात को समय रहते काबू में कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार, एक पक्ष द्वारा मूर्ति स्थापना का कार्य किया जा रहा था, जिसका दूसरे पक्ष ने विरोध किया। इसी दौरान दोनों गुटों के बीच कहासुनी बढ़ गई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब अफवाहों के चलते कुछ लोगों ने पुलिस बल पर पथराव शुरू कर दिया। इससे मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल , पुलिस अधीक्षक डॉ . ख्याति गर्ग , एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह और एएसपी पवन गौतम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लेते हुए स्थिति को नियंत्रित किया। अधिकारियों की मौजूदगी में क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया तथा अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि कुछ अराजक तत्वों द्वारा अफवाह फैलाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई, लेकिन समय रहते उन्हें चिन्हित कर सख्त चेतावनी दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह सामान्य है और शांति व्यवस्था कायम है। प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है ताकि भविष्य में इस तरह की कोई अप्रिय घटना दोबारा न हो सके।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article