औरैया
जनपद के ऐरवाकटरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम शेखूपुर में मंगलवार रात एक हृदयविदारक हादसा सामने आया, जिसने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। मंदिर परिसर में खेल रहे बच्चों के बीच अचानक एक बड़ा हादसा हो गया, जब मंदिर का भारी लोहे का गेट दीवार सहित भरभराकर गिर पड़ा और उसकी चपेट में आकर एक मासूम की जान चली गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आठ वर्षीय कृष्णा उर्फ बेबू, जो इटावा जनपद के नगरिया सरावा गांव स्थित शांति पब्लिक स्कूल में कक्षा एक का छात्र था, अपने साथियों के साथ मंदिर के पास खेल रहा था। इसी दौरान वह मंदिर के गेट पर लटककर खेल रहा था, तभी अचानक दीवार समेत पूरा गेट गिर गया और कृष्णा मलबे के नीचे दब गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
परिजनों व ग्रामीणों ने तत्काल बच्चे को गंभीर हालत में उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय, सैफई पहुंचाया, जहां देर रात करीब 12 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। कृष्णा अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था, जिससे पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मां नीलम और पिता रजनीश कुमार का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों के अनुसार मंदिर काफी पुराना है और करीब तीन वर्ष पहले इसकी बाउंड्री का निर्माण कराया गया था। बताया जा रहा है कि मंगलवार दोपहर एक ई-रिक्शा द्वारा दीवार में टक्कर मार देने से वह पहले ही कमजोर हो गई थी। शाम को जब बच्चे वहां खेल रहे थे, तभी यह बड़ा हादसा हो गया।
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं, स्थानीय प्रशासन और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पुराने और जर्जर निर्माण की समय-समय पर जांच कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।


