31 C
Lucknow
Wednesday, August 19, 2026

फर्जी लूट की साजिश का खुलासा

Must read

 

मुनीम-चालक ने रची थी लाखों रुपये हड़पने की कहानी

मोहम्मदाबाद। सरिया फैक्ट्री के मुनीम और चालक ने लाखों रुपये की लूट की फर्जी कहानी रचकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया। इटावा-बरेली हाईवे पर खाटू श्याम मंदिर के पास लूट की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। करीब पांच घंटे की पूछताछ के बाद दोनों ने फर्जी लूट की साजिश रचने की बात स्वीकार कर ली।

जानकारी के अनुसार, शिकोहाबाद स्थित सरिया फैक्ट्री के मालिक नवीन अग्रवाल के मुनीम संदीप गौतम निवासी वृंदावन, मथुरा और चालक शिव कुमार निवासी मैनपुरी वसूली के लिए फर्रुखाबाद आए थे। वसूली के बाद दोनों वापस लौट रहे थे। उन्होंने पुलिस को बताया कि खाटू श्याम मंदिर के पास वाहन का हॉर्न खराब होने के कारण गाड़ी रोकी थी। इसी दौरान पीछे से आए बाइक सवार बदमाश ने तमंचा दिखाकर लाखों रुपये से भरा बैग लूट लिया और फरार हो गया।

घटना दोपहर करीब ढाई बजे की बताई गई, जबकि पुलिस को इसकी सूचना शाम करीब चार बजे दी गई। सूचना मिलते ही पीआरबी और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा और एसओजी टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू की। फैक्ट्री मालिक नवीन अग्रवाल भी घटनास्थल पर पहुंच गए।

पुलिस ने मुनीम और चालक के बयानों में विरोधाभास मिलने के बाद दोनों से अलग-अलग पूछताछ की। करीब पांच घंटे की गहन पूछताछ के बाद दोनों ने फर्जी लूट की साजिश रचने की बात कबूल कर ली। पुलिस के अनुसार, दोनों ने मिलकर लूट की कहानी तैयार की थी।

क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा ने बताया कि मुनीम और चालक से पूछताछ जारी है। प्रारंभिक जांच में तीन अन्य लोगों के भी साजिश में शामिल होने की बात सामने आई है। उनकी तलाश के लिए पुलिस टीम सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article