क्रासर
पांचाल घाट चौकी प्रभारी ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लोहिया अस्पताल में चल रहा उपचार
फर्रुखाबाद। लंबे समय से बीमारी से परेशान एक 56 वर्षीय अधेड़ ने गुरुवार को गंगा नदी में छलांग लगाकर आत्महत्या का प्रयास कर लिया। मौके पर मौजूद गोताखोरों की सतर्कता और साहस के चलते समय रहते उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार रामदेव मिश्रा (56 वर्ष) पुत्र नत्थू लाल, निवासी ग्वालटोली, फतेहगढ़, काफी समय से बीमारी से परेशान चल रहे थे। मानसिक और शारीरिक पीड़ा से व्यथित होकर उन्होंने पांचाल घाट स्थित गंगा नदी में छलांग लगा दी। घाट पर मौजूद गोताखोरों ने जैसे ही उन्हें नदी में डूबते देखा, तत्काल नदी में कूदकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उनकी तत्परता के कारण एक बड़ा हादसा होने से बच गया।
घटना की सूचना मिलते ही पांचाल घाट चौकी प्रभारी हरिकेश पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिना देर किए सरकारी वाहन से रामदेव मिश्रा को डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू कर दिया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार उनकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही रामदेव मिश्रा का पुत्र अर्चित भी लोहिया अस्पताल पहुंच गया। परिजनों के पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मरीज की स्थिति से अवगत कराया। घटना के बाद परिवार में चिंता का माहौल बना हुआ है।
बीमारी से परेशान अधेड़ ने गंगा में लगाई छलांग, गोताखोरों की सतर्कता से बची जान


