नवाबगंज। नगर के मुख्य बाजार में थाने के सामने स्थित हनुमान मंदिर पर गणेश महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव को लेकर रविवार शाम भगवान श्री गणेश की प्रतिमा की शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा का शुभारंभ नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल कुमार राजपूत ने किया।
भगवान गणेश की प्रतिमा को नगर के प्रमुख चौराहे से हनुमान मंदिर तक भ्रमण कराया गया। शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। लोगों ने भगवान गणेश के जयकारे लगाए और रास्ते में श्रद्धालुओं ने प्रतिमा के दर्शन किए।
नगर भ्रमण के बाद भगवान श्री गणेश की प्रतिमा को हनुमान मंदिर परिसर में स्थापित किया गया। गणेश महोत्सव को लेकर मंदिर परिसर को सजाया गया है और आगामी दिनों में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस मौके पर कमेटी के पदाधिकारी प्रशांत गुप्ता (पिंटू), कमल भारद्वाज, अक्षय गुप्ता, अनंत भारद्वाज, विजित भारद्वाज, अभिषेक भारद्वाज, गोविंद गुप्ता, पंकज भारद्वाज, कन्हैया गुप्ता, कल्लू भारद्वाज, धीरज भारद्वाज, सनी और राजपाल सहित अन्य श्रद्धालु मौजूद रहे।


