पशुओं के निःशुल्क एफएमडी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ
फर्रुखाबाद। राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम (एनएडीसीपी) के अंतर्गत मुंहपका-खुरपका (एफएमडी) रोग से पशुओं की सुरक्षा के लिए आठवें चरण के निःशुल्क टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत पशुपालन विभाग की मोबाइल टीकाकरण वैन को भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. धीरज कुमार शर्मा की मौजूदगी में हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. धीरज कुमार शर्मा ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य जनपद के सभी गोवंश एवं भैंसवंशीय पशुओं को एफएमडी जैसी संक्रामक बीमारी से सुरक्षित करना है। इसके लिए प्रशिक्षित पशु चिकित्सा टीमें गांव-गांव और “पशुपालक के द्वार” पहुंचकर पूरी तरह निःशुल्क टीकाकरण करेंगी, जिससे पशुपालकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने कहा कि पशुधन किसानों और पशुपालकों की आर्थिक रीढ़ है। समय पर टीकाकरण से पशुओं को गंभीर बीमारियों से बचाया जा सकता है, जिससे दुग्ध उत्पादन बढ़ेगा और पशुपालकों की आय में भी वृद्धि होगी। उन्होंने सभी पशुपालकों से अपील की कि वे अपने पशुओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण कराकर अभियान को सफल बनाएं।
इस अवसर पर पशुपालन विभाग के अधिकारी, पशु चिकित्सक, पशुधन प्रसार अधिकारी एवं विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे। विभाग ने बताया कि अभियान निर्धारित अवधि तक पूरे जनपद में चलाया जाएगा और सभी पात्र पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण सुनिश्चित किया जाएगा।


