फर्रुखाबाद। जिले के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय में बुधवार को ओपीडी के दौरान मरीजों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भीड़ इतनी अधिक थी कि पर्चा बनवाने के लिए मरीजों की लंबी कतारें लग गईं। पहले पर्चा काउंटर पर जल्द पर्चा बनवाने की होड़ में मरीजों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। स्थिति कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गई, जिससे वहां मौजूद अन्य मरीजों और तीमारदारों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पर्चा बनवाने के बाद भी मरीजों की मुश्किलें कम नहीं हुईं। विभिन्न चिकित्सकों के कक्षों के बाहर मरीजों की भारी भीड़ जमा हो गई। घंटों इंतजार के बाद भी नंबर न आने से कई मरीज और उनके परिजन नाराज हो गए। देखते ही देखते लोगों ने अव्यवस्था को लेकर हंगामा शुरू कर दिया और अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल उठाए।
हंगामे की सूचना मिलते ही अस्पताल में तैनात सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंचे। सुरक्षा कर्मियों ने मरीजों और उनके तीमारदारों को समझाकर किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया तथा कतारबद्ध तरीके से मरीजों को चिकित्सकों के कक्षों तक भेजना शुरू कराया। काफी देर की मशक्कत के बाद माहौल सामान्य हो सका और ओपीडी की व्यवस्था फिर से सुचारु रूप से संचालित हुई।
मरीजों और उनके परिजनों का कहना था कि प्रतिदिन ओपीडी में बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं, लेकिन भीड़ के अनुरूप पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ता है। पर्चा काउंटर पर पर्याप्त कर्मचारियों की तैनाती और ओपीडी व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित किए जाने की मांग भी उठाई गई।
लोहिया चिकित्सालय की ओपीडी में मरीजों की भारी भीड़, पर्चा काउंटर पर धक्का-मुक्की, चिकित्सकों के कक्षों के बाहर हंगामा


