फर्रुखाबाद,कमालगंज।थाना क्षेत्र के गांव गगनी में जमीन के बंटवारे को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों में विवाद हो गया। कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के छह लोगों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, गांव निवासी विमलेश कुमार और उनके पुत्र सूरज के बीच सोमवार को जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद शुरू हुआ। दोनों के बीच पहले तीखी नोकझोंक हुई, जो बाद में गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही कमालगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक पक्ष से विमलेश कुमार, उनकी पत्नी सावित्री और पुत्र अनिल, जबकि दूसरे पक्ष से सूरज, शिवानी और रवि को हिरासत में लिया।
थाना पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों के कुल छह लोगों का शांतिभंग की आशंका में चालान कर विधिक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने दोनों पक्षों को भविष्य में कानून व्यवस्था बनाए रखने की हिदायत भी दी है।


