फर्रुखाबाद। मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र में एक शिक्षिका ने युवक पर रास्ता रोककर अभद्रता, मारपीट, कार से कुचलने का प्रयास करने और बाद में जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने और स्वयं व अपने बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। मामले की जानकारी बेसिक शिक्षा अधिकारी को भी दी गई है।
शिकायती पत्र के अनुसार, घटना 10 जुलाई 2026 की सुबह करीब 7:20 बजे की है। शिक्षिका अपने विद्यालय जा रही थीं। आरोप है कि रास्ते में पहले एक युवक नशे की हालत में मिला और कुछ देर बाद धीरपुर निवासी अतुल सिंह राठौर कार लेकर पहुंच गया। आरोप है कि उसने अपनी कार टेंपो के सामने खड़ी कर दी और शिक्षिका के साथ अभद्रता शुरू कर दी। विरोध करने पर टेंपो चालक और शिक्षिका के साथ मारपीट की गई।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने जान से मारने की नीयत से कार उनकी ओर चढ़ा दी। हालांकि शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। इसके बाद शिक्षिका मदनपुर चौकी पहुंचीं, जहां से उन्हें मोहम्मदाबाद थाने भेज दिया गया।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि 11 जुलाई को आरोपी दोबारा विद्यालय के गेट पर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए धमकी दी कि विद्यालय से लौटते समय उन्हें और उनके बच्चे को जान से मार देगा। पीड़िता का कहना है कि आरोपी दबंग प्रवृत्ति का है, जिससे वह और उनका परिवार भयभीत है।
पीड़िता ने इस संबंध में एक प्रार्थना पत्र बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह को भी सौंपा है। इस मामले में जब बीएसए से बात की गई तो उन्होंने बताया कि मामला पुलिस से संबंधित है, फिर भी विभागीय स्तर पर इसकी जांच कराई जा रही है।


