रायबरेली। डीह थाना क्षेत्र के परशदेपुर में सई नदी पर बने पुल से चीनी से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरा। ट्रक पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक ट्रक में चीनी लदी हुई थी। पुल से नदी में गिरने के बाद चालक और क्लीनर किसी तरह ट्रक से बाहर निकलकर नदी से सुरक्षित बाहर आ गए। हादसे में दोनों के सुरक्षित होने की जानकारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस की निगरानी में ट्रक को नदी से बाहर निकालने की कार्रवाई की जा रही है।
हादसा किस वजह से हुआ, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


