33.3 C
Lucknow
Saturday, October 3, 2026

नवरात्र-दिवाली में आसान होगा यूपी का सफर, ‘भारत टैक्सी’ का बढ़ेगा नेटवर्क

Must read

लखनऊ। नवरात्र और दीपावली के त्योहारों के दौरान उत्तर प्रदेश में यात्रियों को आने-जाने की सुविधा देने के लिए ‘भारत टैक्सी’ का नेटवर्क तेजी से विस्तार करने की तैयारी है। लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी, कानपुर और प्रयागराज के बाद अब ऐप आधारित टैक्सी सेवा को प्रदेश के छोटे-बड़े शहरों तक पहुंचाने की योजना बनाई गई है।
सरकार की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, एक माह के भीतर 12 और शहरों को भारत टैक्सी नेटवर्क से जोड़ने की तैयारी है। इनमें अयोध्या, आगरा और मेरठ को नवरात्र से पहले सेवा से जोड़ने की तैयारी बताई गई है। इन शहरों में वाहन और चालकों की ऑनबोर्डिंग तथा पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू की गई है।
भारत टैक्सी के अगले विस्तार चरण में मथुरा, फिरोजाबाद, मुजफ्फरनगर, हापुड़, सीतापुर, हाथरस, इटावा, मिर्जापुर और रायबरेली को शामिल करने की तैयारी है। इन शहरों में ड्राइवरों और वाहनों को प्लेटफॉर्म से जोड़ने का काम तेज किया जा रहा है।
धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण शहरों को भी विस्तार योजना में प्राथमिकता दी जा रही है। अयोध्या और मथुरा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, जबकि आगरा में देश-विदेश से पर्यटकों का आवागमन होता है। ऐसे शहरों में ऐप आधारित स्थानीय परिवहन की सुविधा से यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलने की उम्मीद है।
भारत टैक्सी के विस्तार में केवल कार चालकों को ही नहीं, बल्कि टू-व्हीलर और थ्री-व्हीलर चालकों को भी जोड़ने की तैयारी है। इससे छोटी दूरी के यात्रियों को बाइक और ऑटो जैसे विकल्प मिल सकेंगे।
सरकार के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में अब तक 50 हजार से अधिक चालक भारत टैक्सी से जुड़ चुके हैं। नए शहरों में ऑनबोर्डिंग शुरू होने के साथ इस संख्या में और बढ़ोतरी की उम्मीद है।
सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर के अनुसार, अक्टूबर में नवरात्र और इसके बाद दीपावली के दौरान बाजारों, धार्मिक स्थलों, रेलवे स्टेशनों तथा बस अड्डों पर यात्रियों की आवाजाही बढ़ जाती है। इसी को देखते हुए नए शहरों में नेटवर्क तैयार करने की प्रक्रिया तेज की गई है।
योजना के अनुसार आने वाले समय में भारत टैक्सी की सेवा को प्रदेश के विभिन्न हिस्सों तक विस्तारित किया जाएगा। इसका उद्देश्य यात्रियों को मोबाइल ऐप के माध्यम से स्थानीय परिवहन का विकल्प उपलब्ध कराना और अधिक से अधिक वाहन चालकों को डिजिटल परिवहन नेटवर्क से जोड़ना है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article