– सेवा संकल्प अभियान में जनपद स्तरीय कार्यक्रम, पोस्टर, क्विज, भाषण व चित्रकला प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने दिखाई प्रतिभा
फर्रुखाबाद। पीएम श्री महीयसी महादेवी वर्मा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज फतेहगढ़ में माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘विकसित भारत-2047 : मेरे सपनों का भारत’ विषय पर जनपद स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने पोस्टर, क्विज, भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं के माध्यम से विकसित भारत को लेकर अपने विचार और संकल्प प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद मुकेश राजपूत ने प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। विशिष्ट अतिथि भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर, कायमगंज विधायक डॉ. सुरभि एवं भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद राजपूत रहे। कार्यक्रम का आयोजन जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार के निर्देशन में किया गया।
सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि प्रत्येक छात्र-छात्रा में कोई न कोई विशेष प्रतिभा और हुनर होता है। आवश्यकता है कि विद्यार्थी अपनी प्रतिभा को पहचानें, उसे निखारें और सही दिशा में आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि आत्मविश्वास, परिश्रम और दृढ़ संकल्प के माध्यम से विद्यार्थी अपना भविष्य संवारने के साथ देश के विकास में भी योगदान दे सकते हैं।
भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर ने विद्यार्थियों को विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए प्रेरित किया। कायमगंज विधायक डॉ. सुरभि ने जल एवं पर्यावरण संरक्षण को विकसित भारत के लक्ष्य से जोड़ते हुए विद्यार्थियों को जागरूक किया। जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार ने प्रतिभागियों के प्रदर्शन की सराहना की।
कार्यक्रम में आयोजित प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता और ज्ञान का प्रदर्शन किया। प्रत्येक प्रतियोगिता में पांच-पांच उत्कृष्ट प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
विद्यालय की प्रधानाचार्य दीपिका राजपूत ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन छात्राओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं।
क्विज प्रतियोगिता मे सूर्यप्रताप सिंह चौहान,सीपीवीएन कायमगंज, उत्कर्ष मिश्रा,कृष्णा कुमारी राजेंद्र सिंह इंटर कॉलेज मंझना, निमिष कुमार मिश्रा,जीआईसी फतेहगढ़, अनिकेत,राजकीय इंटर कॉलेज रोशनाबाद तथा सिद्धिका,एसडी इंटर कॉलेज पाहला रजीपुर ने स्थान प्राप्त किया।
भाषण प्रतियोगिता मे
स्वाति अवस्थी,सिटी गर्ल्स इंटर कॉलेज, अपराजिता,एसडी इंटर कॉलेज रजीपुर, पल्लवी,दयानंद इंटर कॉलेज अमृतपुर, मानवी,जितेंद्र प्रताप सीपीवीएन कायमगंज तथा नैमिष मिश्रा,जीआईसी फतेहगढ़ चयनित हुए।
सीनियर वर्ग में जैनब उस्मानी, ऋषु, आयुष, मोहम्मद जयाद और प्रिया ने स्थान प्राप्त किया। जूनियर वर्ग में यशी शाक्य, अंशिका यादव, अना, अनुष्का और अनत सक्सेना चयनित हुए।
प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में पंकज शुक्ला, सरिता त्रिवेदी, सुधीर कुमार पाल, शैलजा मौर्य, निर्मला सिंह और प्रदीप जायसवाल शामिल रहे। संचालन शैलजा मौर्य ने किया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों का सहयोग रहा।


