प्रधानाचार्या सोनिया शर्मा ने सत्य, अहिंसा और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
फतेहगढ़ कैंट, फर्रुखाबाद । आर्मी पब्लिक स्कूल फतेहगढ़ कैंट में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत के द्वितीय प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती हर्षोल्लास एवं गरिमापूर्ण ढंग से मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या सोनिया शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर किया।
विद्यालय में चल रहे स्वच्छता पखवाड़े के अंतिम दिन स्काउट गाइड, 12 यूपी बटालियन एवं 4 यूपी बटालियन के एनसीसी कैडेट्स ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण अभियान चलाया। इस दौरान परिसर में 50 पौधे लगाए गए।
इस अवसर पर प्रधानाचार्या सोनिया शर्मा ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि महात्मा गांधी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाते हुए सभी को सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत के सपने को साकार करने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है।
उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी मां के नाम पर एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि अपने एवं अपने परिजनों के जन्मदिन अथवा अन्य स्मरणीय अवसरों पर एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए।
प्रधानाचार्या ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए पर्यावरण संरक्षण बेहद आवश्यक है। आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण उपलब्ध कराने के लिए पौधारोपण और पौधों की देखभाल को जीवन का हिस्सा बनाना होगा। उन्होंने कहा कि महापुरुषों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर उनके बताए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
कार्यक्रम में विद्यालय के उप-प्रधानाचार्य नितिन चतुर्वेदी, स्मिता बोस, डॉ. राजेश पाण्डेय, डॉ. सुनील कुमार त्रिपाठी, चंचल शर्मा, अनुराधा मुखर्जी, राधामोहन तिवारी, नविता नागपाल, सर्वेश कुमार मिश्र, अनुपम उपाध्याय सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्यों ने सहभागिता की और कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
पौधारोपण कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और हरित परिसर के निर्माण का संदेश दिया।


