कमालगंज संवाददाता: मानदेय बढ़ोतरी की मांग को लेकर सीएचसी कमालगंज क्षेत्र की आशा कार्यकर्ताओं और आशा संगिनियों ने बुधवार को अस्पताल परिसर में हड़ताल कर कार्य का पूर्ण बहिष्कार कर दिया। आशा कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक 1 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक कार्य बहिष्कार जारी रहेगा।
हड़ताल का नेतृत्व कर रहीं आशा कार्यकर्ता जहाँआरा ने बताया कि सरकार द्वारा पंचायत सहायक, रसोइया, आंगनबाड़ी सहायिका आदि के मानदेय में बढ़ोतरी की गई है, लेकिन आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। इसी मांग को लेकर आशा कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी अंकुर राठौर को मांग पत्र सौंपा था।
जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया था कि उनकी मांगों को शासन तक पहुंचा दिया जाएगा, परंतु अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी से नाराज होकर आशा कार्यकर्ताओं ने 15 दिनों के कार्य बहिष्कार का निर्णय लिया है।
आशा कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे स्वास्थ्य विभाग की रीढ़ हैं। टीकाकरण, प्रसव, परिवार नियोजन, सर्वे सहित तमाम सरकारी योजनाओं को धरातल पर पहुंचाने का काम आशा कार्यकर्ता ही करती हैं, फिर भी उनके साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है।


