30.7 C
Lucknow
Monday, September 28, 2026

एशियन गेम्स में भारत की धाक : ईशा सिंह ने दिलाया सिल्वर, लवलीना और पिंकी ने पक्के किए मेडल

Must read

 

नागोया। एशियन गेम्स में सोमवार को भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पदकों की संख्या में इजाफा किया। निशानेबाज ईशा सिंह ने महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में सिल्वर मेडल अपने नाम किया। गोल्ड के लिए हुए शूट-ऑफ में वह चीन की शियाओ जियारुईशुआन से मामूली अंतर से पिछड़ गईं। ईशा के पदक के साथ भारत की पदक तालिका में एक और सिल्वर जुड़ गया।

25 मीटर पिस्टल के फाइनल में ईशा को कई शूट-ऑफ से गुजरना पड़ा। उन्होंने पहले सिल्वर के मुकाबले में जीत हासिल की और इसके बाद गोल्ड के लिए चुनौती पेश की। निर्णायक शूट-ऑफ में ईशा ने पांच में से तीन निशाने गंवाए, जबकि चीन की शियाओ ने दो शॉट मिस किए। क्वालिफिकेशन में ईशा ने 580 अंक हासिल कर फाइनल में जगह बनाई थी। भारत की मनु भाकर 579 अंक के साथ फाइनल में जगह नहीं बना सकीं, जबकि राही सरनोबत 568 अंक के साथ 30वें स्थान पर रहीं।

लवलीना ने सेमीफाइनल में पहुंचकर पक्का किया पदक

बॉक्सिंग में भारत की लवलीना बोरगोहेन ने महिलाओं की 75 किलोग्राम भारवर्ग में दक्षिण कोरिया की सियोंग सुयोन को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। लवलीना ने मुकाबले की शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा और पहले राउंड में सभी जजों के स्कोरकार्ड पर 5-0 की बढ़त हासिल की। उन्होंने मुकाबला 30-27 के स्कोर से जीतकर भारत का एक और पदक पक्का कर दिया।

कुराश में पिंकी बलहारा का जलवा

कुराश में पिंकी बलहारा ने महिलाओं के 78 किलोग्राम वर्ग के क्वार्टरफाइनल में दक्षिण कोरिया की लिम गाराम को 3-0 से हराया। इस जीत के साथ पिंकी सेमीफाइनल में पहुंच गईं और भारत का एक और पदक सुनिश्चित हो गया। पिंकी इससे पहले 2018 एशियन गेम्स में सिल्वर मेडल जीत चुकी हैं।

क्रिकेट में बारिश बनी बाधा, भारत सेमीफाइनल में

पुरुष क्रिकेट के क्वार्टरफाइनल में भारत और अफगानिस्तान का मुकाबला लगातार बारिश के कारण शुरू ही नहीं हो सका। टॉस तक नहीं हो पाया और मैच रद्द करना पड़ा। बेहतर रैंकिंग के आधार पर गत चैंपियन भारत को सेमीफाइनल में प्रवेश मिला। भारत अब श्रीलंका और नेपाल के बीच होने वाले क्वार्टरफाइनल के विजेता से भिड़ेगा।

स्क्वॉश में चीन को 3-0 से हराया

स्क्वॉश में भारत ने पुरुष टीम के पूल-ए मुकाबले में चीन को 3-0 से शिकस्त दी। सूरज चांद, वीर चोत्रानी और वेलावन सेंथिलकुमार ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर भारत को शानदार जीत दिलाई। वीर चोत्रानी ने ली हाइझेन को 11-5, 11-5, 11-3 से हराया।

वॉलीबॉल में भी भारतीय टीम ने हांगकांग को 3-0 से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। भारत ने मुकाबला 25-22, 25-19 और 25-21 से अपने नाम किया। अब टीम का सामना कतर से होगा।

तीरंदाजी में चिकिता क्वार्टरफाइनल में, ज्योति बाहर

कंपाउंड तीरंदाजी में चिकिता तनीपार्थी ने चीनी ताइपे की चेन यी-हुआन को शूट-ऑफ में हराकर क्वार्टरफाइनल में जगह बनाई। 15 तीर के बाद दोनों का स्कोर 148-148 था, जिसके बाद शूट-ऑफ में चिकिता ने बाजी मारी। वहीं भारत की ज्योति सुरेखा वेन्नम को दक्षिण कोरिया की 14 वर्षीय कांग योनसियो ने 150-146 से हराकर प्रतियोगिता से बाहर कर दिया।

भारत के खाते में 38 पदक

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार भारत के खाते में अब तक 38 पदक हैं। इनमें 4 स्वर्ण, 16 रजत और 18 कांस्य पदक शामिल हैं। पदक तालिका में भारत 12वें स्थान पर है। एशियन गेम्स के नौवें दिन कुल 24 स्वर्ण पदकों के लिए मुकाबले होने हैं, जिनमें एथलेटिक्स में सबसे अधिक नौ स्वर्ण पदक दांव पर हैं। शूटिंग, कुराश, डाइविंग, BMX रेसिंग, टेबल टेनिस और भारोत्तोलन में भी पदकों के लिए मुकाबले जारी हैं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article