फर्रुखाबाद। गणेश महोत्सव के चलते शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक श्रद्धालुओं में उत्साह बना हुआ है। गणेश पंडालों में पूजा-अर्चना और आरती के साथ प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला भी जारी है। गुरुवार को विभिन्न मोहल्लों और ग्रामीण क्षेत्रों से श्रद्धालु गाजे-बाजे के साथ गणेश प्रतिमाएं लेकर पांचाल घाट पहुंचे। शोभायात्राओं में श्रद्धालु भगवान गणेश के जयकारे लगाते हुए और भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए।
शहर के कादरी गेट, मदारबाड़ी, आईटीआई के आसपास, फतेहगढ़, नेकपुर, रेलवे रोड, जसमई और रेटगंज समेत कई इलाकों से गणेश प्रतिमाओं की शोभायात्राएं निकाली गईं। कहीं प्रतिमाओं को ट्रैक्टर-ट्रॉली तो कहीं ई-रिक्शा से सजाकर ले जाया गया। शोभायात्राओं में युवाओं और श्रद्धालुओं ने ढोल-नगाड़ों की धुन पर नृत्य किया। रास्ते में लोगों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्राओं का स्वागत किया और श्रद्धालुओं को प्रसाद भी वितरित किया गया।
पांचाल घाट पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की। प्रशासन की ओर से गंगा में प्रतिमा विसर्जन के बजाय भू-विसर्जन की व्यवस्था की गई है। इसके लिए गंगा किनारे जेसीबी से गड्ढे तैयार कराए गए हैं, जहां धार्मिक रीति-रिवाज के साथ प्रतिमाओं का भू-विसर्जन कराया जा रहा है। इस दौरान गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से घाट का माहौल भक्तिमय बना रहा।
विसर्जन कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन और पुलिस की ओर से भी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पांचाल घाट चौराहे से लेकर गंगा पुल और भू-विसर्जन स्थल तक पुलिस बल की तैनाती की गई है। श्रद्धालुओं की भीड़ और शोभायात्राओं के आवागमन को देखते हुए पुलिसकर्मी व्यवस्थाओं पर नजर रख रहे हैं।
गणेश महोत्सव के चलते शहर में जगह-जगह सजे पंडाल श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। पूजा-अर्चना, भंडारे, प्रसाद वितरण और शोभायात्राओं के कारण पूरे क्षेत्र में धार्मिक माहौल बना हुआ है। श्रद्धालु भगवान गणेश से परिवार की सुख-समृद्धि और क्षेत्र में शांति की कामना कर रहे हैं।


