23 C
Lucknow
Friday, September 25, 2026

कमालगंज बना ‘मिनी मुंबई’, 5 किलोमीटर लंबी शोभायात्रा के साथ बप्पा रवाना

Must read

 

– गणपति बप्पा मोरया के जयघोष से गूंजा कस्बा
– हजारों श्रद्धालुओं ने दी भावभीनी विदाई; सुरक्षा में मुस्तैद रहा प्रशासन

कमालगंज, फर्रुखाबाद।
‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के गगनभेदी जयघोष के बीच कमालगंज का प्रसिद्ध गणेश महोत्सव शुक्रवार को विसर्जन के साथ अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गया। भगवान गणेश की भव्य प्रतिमा को आकर्षक शोभायात्रा के साथ पांचाल घाट के लिए रवाना किया गया। विसर्जन यात्रा में उमड़े श्रद्धालुओं के सैलाब ने पूरे कस्बे को भक्ति, उल्लास और गुलाल के रंग में रंग दिया।
कमालगंज की मुख्य सड़क पर करीब 4 से 5 किलोमीटर लंबी शोभायात्रा आकर्षण का केंद्र रही। शोभायात्रा में सबसे आगे युवाओं की टोलियां डीजे की धुन पर भक्ति गीतों पर नाचते-झूमते चल रही थीं। उनके पीछे कमालगंज के अलावा आसपास के दर्जनों गांवों से पहुंचीं बड़ी संख्या में महिलाएं और मातृशक्ति भगवान गणेश को भावभीनी विदाई देती नजर आईं।

विशाल और फूल-मालाओं से सजी गणेश प्रतिमा के दर्शन के लिए सड़क के दोनों ओर लोगों की भीड़ लगी रही। मकानों की छतों और बालकनियों से श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा की। जगह-जगह अबीर-गुलाल उड़ाया गया और गणपति बप्पा के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।
विसर्जन शोभायात्रा में महिलाओं की बड़ी संख्या में भागीदारी देखने को मिली। मातृशक्ति भक्ति गीतों पर नृत्य करती हुई बप्पा को विदाई देती नजर आई। कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत कर आरती उतारी और प्रसाद वितरित किया।
विशाल भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती। शोभायात्रा के साथ पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। महिला पुलिसकर्मियों की भी ड्यूटी लगाई गई। पुलिसकर्मी लगातार भीड़ के बीच व्यवस्था संभालते रहे और शोभायात्रा को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाते रहे।

किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी शोभायात्रा के साथ मौजूद रही। प्रशासन की निगरानी और पुलिस की मुस्तैदी के बीच विसर्जन यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से आगे बढ़ती रही।
कमालगंज में गणेश महोत्सव और विसर्जन शोभायात्रा की भव्यता को लेकर स्थानीय लोगों में विशेष उत्साह रहता है। विसर्जन के दिन जिस तरह पूरा कस्बा श्रद्धालुओं से भर जाता है, उससे स्थानीय स्तर पर कमालगंज को ‘मिनी मुंबई’ कहे जाने लगा है। मुंबई की तर्ज पर यहां भी गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान विशाल जुलूस, ढोल-डीजे, गुलाल और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिलती है।
कमालगंज से रवाना हुई शोभायात्रा फतेहगढ़ की ओर बढ़ रही है। रास्ते में पड़ने वाले गांवों और कस्बों में लोग सड़क किनारे खड़े होकर भगवान गणेश की आरती उतार रहे हैं। कई स्थानों पर शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का स्वागत भी किया जा रहा है।
विसर्जन यात्रा के दौरान बार-बार गूंज रहे ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के नारों से माहौल भावुक हो उठा। श्रद्धालुओं ने नम आंखों और भक्तिभाव के साथ बप्पा को विदाई देते हुए अगले वर्ष फिर आने की कामना की।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article