– 15 दिन में चयन प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने परिषदीय एवं सरकारी विद्यालयों में संचालित प्रधानमंत्री पोषण (मिड-डे मील) योजना को और प्रभावी बनाने के लिए बड़े स्तर पर रसोइयों की भर्ती प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय लिया है। इसके तहत प्रदेश के सरकारी स्कूलों में लगभग 3.53 लाख रसोइयों की नियुक्ति की जाएगी। शासन ने संबंधित अधिकारियों को अगले 15 दिनों के भीतर चयन प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
इस भर्ती का उद्देश्य विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों को समय पर गुणवत्तापूर्ण और पौष्टिक मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराना है। शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक विद्यालय में रसोइयों की संख्या वहां नामांकित विद्यार्थियों की संख्या के आधार पर तय की जाएगी। प्रत्येक स्कूल में न्यूनतम एक और अधिकतम सात रसोइयों की तैनाती की जा सकेगी।
शिक्षा विभाग के अनुसार भर्ती प्रक्रिया स्थानीय स्तर पर निर्धारित मानकों और नियमों के अनुरूप पूरी की जाएगी। चयन में पात्रता और पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा जाएगा, ताकि योजना का लाभ सुचारु रूप से विद्यार्थियों तक पहुंच सके।
प्रधानमंत्री पोषण योजना के तहत प्रदेश के लाखों बच्चों को प्रतिदिन विद्यालयों में पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाता है। ऐसे में पर्याप्त संख्या में रसोइयों की नियुक्ति से भोजन की गुणवत्ता, समयबद्धता और व्यवस्था में सुधार आने की उम्मीद है।
शासन ने सभी जिलाधिकारियों, बेसिक शिक्षा अधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि भर्ती प्रक्रिया निर्धारित समय सीमा में पूरी कर रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए। सरकार का मानना है कि इस पहल से विद्यालयों में मिड-डे मील व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा बच्चों को बेहतर पोषण उपलब्ध कराने के लक्ष्य को मजबूती मिलेगी।


