दर्शन के लिए पीछे गेट पर पहुंचे ही अचानक बिगड़ी तबीयत, सीएचसी में चिकित्सक ने मृत घोषित किया
मोहम्मदाबाद। बुढ़वा मंगल के अवसर पर मंगलवार को नीब करोरी धाम में बाबा के दर्शन करने आए कन्नौज निवासी 56 वर्षीय पूर्व सैनिक महेंद्र प्रताप सिंह यादव की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। वह परिजनों के साथ निजी कार से बाबा के दर्शन करने पहुंचे थे।
छिबरामऊ के आवास विकास निवासी महेंद्र प्रताप सिंह यादव मंगलवार सुबह करीब छह बजे अपने घर से साढ़ू दीवान सिंह, साली गुड्डी देवी और पत्नी वीना देवी के साथ नीब करोरी धाम के लिए निकले थे। धाम में दर्शन के लिए पीछे वाले गेट पर पहुंचते ही अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह गिर पड़े।
ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें तत्काल अपने वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद पहुंचाया। यहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. अशोक शाक्य ने सीपीआर देकर उपचार का प्रयास किया, लेकिन कुछ देर बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सीएचसी से मिले मेमो के आधार पर उपनिरीक्षक कपिल कुशवाह ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के अनुसार महेंद्र प्रताप सिंह को वर्ष 2011 में भी दिल का दौरा पड़ा था और उनका इलाज चल रहा था।
परिजनों ने बताया कि महेंद्र प्रताप सिंह बाबा लक्ष्मणदास के भक्त थे। जब भी कोई परेशानी होती या मनोकामना होती, वह बाबा के दर्शन के लिए नीब करोरी धाम आते थे। बुढ़वा मंगल पर बाबा के दर्शन की इच्छा लेकर पहुंचे पूर्व सैनिक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी वीना देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के एक पुत्री प्रिन्सी (29) और पुत्र पारस (24) हैं।


