फर्रुखाबाद। मसेनी चौराहा के पास इटावा-बरेली हाईवे पर ई-रिक्शा में सवारी बैठाने से मना करना चालक को भारी पड़ गया। आरोप है कि दबंग युवकों ने चालक को घेरकर गाली-गलौज की और लाठी-डंडों से जमकर पीट दिया। हमले में चालक लहूलुहान हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल लोहिया पहुंचाया, जहां उसका इलाज और मेडिकल परीक्षण कराया गया।
न्यू आदर्श कॉलोनी, कादरीगेट निवासी 45 वर्षीय अनिल कुमार ई-रिक्शा चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। सोमवार रात वह पांचालघाट से घर लौट रहे थे। मसेनी चौराहा के पास इटावा-बरेली हाईवे पर बीआरएस लॉन के सामने कुछ युवकों ने उनका ई-रिक्शा रुकवाया और उसमें बैठाने की जिद करने लगे। अनिल ने रास्ते में सवारी बैठाने से मना कर दिया।
आरोप है कि इससे नाराज युवकों ने अनिल के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में उनके सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं और वह लहूलुहान हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया।
अनिल की पत्नी मीना देवी ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उनके पति से चार हजार रुपये भी छीन लिए। मामले में पीड़ित की ओर से पुलिस को लिखित शिकायत दी गई है।
चौकी प्रभारी हरकेश ने बताया कि ई-रिक्शा चालक ने मारपीट की लिखित शिकायत दी है। घायल का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। रुपये छीनने की जानकारी पुलिस को अभी नहीं मिली है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


