31 C
Lucknow
Tuesday, September 15, 2026

नशेड़ी बेटे ने पैसे नहीं मिलने पर कुल्हाड़ी से काटकर पिता को उतारा मौत के घाट, बचाव में आई मां को किया घायल

Must read

समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर (Samastipur) जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मोहनपुर मस्जिद मोहल्ले में एक नशेड़ी बेटे ने मामूली विवाद के चलते अपने ही पिता (father) की बेरहमी से हत्या (Murder) कर दी। आरोपी ने बीच-बचाव करने आई अपनी मां पर भी हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को घर से ही गिरफ्तार कर लिया है।

​मृतक की पहचान 60 वर्षीय मोहम्मद इस्लाम के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उनकी बड़ी संतान 25 वर्षीय मोहम्मद अरमान है। मृतक मूल रूप से सीवान के रहने वाले थे और समस्तीपुर स्थित अपनी ससुराल में मकान बनाकर रह रहे थे।

​परिजनों के अनुसार, आरोपी अरमान नशे का आदी है और कोई कामकाज नहीं करता है। सोमवार की रात उसने नशे के लिए अपने पिता से पैसों की मांग की थी। पिता द्वारा कुछ पैसे देने के बाद उसने वाइटनर का नशा किया और रात करीब 12 बजे घर लौटा। घर लौटने पर पिता ने उसे डांट लगाई, जिसके बाद उसने और पैसों की जिद शुरू कर दी। पिता के इंकार करने पर आरोपी का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया।

​पैसे ना मिलने से नाराज अरमान ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाई और मोहम्मद इस्लाम के गले पर जोरदार वार कर दिया। हमले में उनका गला बुरी तरह कट गया। इस अचानक हुए हमले से चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर जब उनकी पत्नी बीच-बचाव के लिए दौड़ीं, तो आरोपी ने उन पर भी कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस हमले में मां के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। घर के अंदर का शोर सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर इकट्ठा हो गए और उन्होंने आरोपी अरमान को पकड़ लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद नशे में धुत आरोपी छत पर जाकर सोने की कोशिश कर रहा था, जिसे होश तक नहीं था कि उसने क्या कर दिया है।

​गंभीर रूप से घायल मोहम्मद इस्लाम को स्थानीय लोगों और छोटे बेटे अरबाज की मदद से पहले समस्तीपुर सदर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां उनकी नाज़ुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें पटना रेफर कर दिया। परिजन उन्हें एंबुलेंस से पटना लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं, घायल मां का इलाज सदर अस्पताल में जारी है।

​मुफस्सिल थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर अजीत कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि युवक नशे की लत के कारण पैसे मांग रहा था और विवाद में उसने इस घटना को अंजाम दिया। पुलिस द्वारा इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

 

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article