लखनऊ। प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के बीच जलभराव की समस्या को लेकर योगी सरकार ने नगरीय निकायों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं। शहरों में जल निकासी व्यवस्था की लगातार मॉनिटरिंग करने और कहीं भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
नगर विकास विभाग ने वाराणसी समेत प्रदेश के सभी प्रमुख शहरों में जल निकासी व्यवस्था पर विशेष नजर रखने को कहा है। अधिकारियों को नालों, पंपिंग स्टेशनों और जल निकासी के अन्य संसाधनों की स्थिति की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जल निकासी को लेकर अधिकारी पूरी तरह अलर्ट रहें और बारिश के दौरान लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करें।
उन्होंने चेतावनी दी कि शासन के निर्देशों की अनदेखी करने या जनहित से समझौता करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। सरकार ने निकायों से जलभराव वाले संभावित क्षेत्रों की पहचान कर समय रहते आवश्यक इंतजाम करने को भी कहा है।


