लखनऊ। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ग्रामीण विकास विभाग से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को वीबी-जी राम जी योजना के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय से पहुंचना चाहिए।
उपमुख्यमंत्री ने प्रत्येक जिले में पंच सम्मेलन आयोजित कराने के निर्देश दिए। इन सम्मेलनों में सांसदों और विधायकों के साथ पंचायत प्रतिनिधियों की भी भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और पंचायत प्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय से ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का प्रभावी समाधान किया जा सकता है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि त्योहारों से पहले योजना के कार्डधारकों को काम उपलब्ध कराया जाए, ताकि जरूरतमंद परिवारों को समय पर रोजगार मिल सके। साथ ही मजदूरी के भुगतान की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा गया।
केशव प्रसाद मौर्य ने स्पष्ट किया कि ग्रामीण विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्देशों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास कार्यों में पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है। योजनाओं के क्रियान्वयन, रोजगार उपलब्ध कराने और मजदूरी भुगतान में जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।


