करंट की चपेट में आने से मची चीख-पुकार, सीएचसी में उपचार के बाद घर भेजा गया
कमालगंज। थाना कमालगंज क्षेत्र के गांव बहोरनपुर टप्पा हवेली के मजरा खूंटादेव में बुधवार दोपहर पंखे का प्लग लगाते समय एक 55 वर्षीय महिला करंट की चपेट में आकर झुलस गई। परिजन तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कराकर महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमालगंज लेकर पहुंचे, जहां उपचार के बाद उनकी हालत में सुधार बताया गया।
गांव निवासी भारत सिंह की पत्नी मुन्नी देवी घर में पंखा चालू करने जा रही थीं। जैसे ही उन्होंने बिजली बोर्ड में पंखे का प्लग लगाया, अचानक तेज करंट का झटका लगा। करंट लगते ही वह चीखते हुए जमीन पर गिर पड़ीं। उनकी आवाज सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल बिजली की आपूर्ति बंद की।
इसके बाद परिजन आनन-फानन में मुन्नी देवी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमालगंज लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सक डॉ. विकास पटेल और फार्मासिस्ट सुभाष चंद्र ने उनका उपचार किया। कुछ समय निगरानी में रखने के बाद हालत में सुधार होने पर उन्हें घर भेज दिया गया।
भारत सिंह के मुताबिक पंखे का तार कहीं से कटा हुआ था। इसी वजह से प्लग बोर्ड में लगाते ही करंट फैल गया और हादसा हो गया।
घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली के उपकरणों को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने लोगों से अपील की है कि बरसात के मौसम में बिजली के तार, प्लग, स्विच और बोर्ड की नियमित जांच कराएं, ताकि इस तरह के हादसों से बचा जा सके।


