– एआई ने बदला अंदाज, सोशल मीडिया पर छाईं रेट्रो तस्वीरें
नई दिल्ली। सोशल मीडिया पर इन दिनों 1980 के दशक की यादें ताजा करने वाला रेट्रो फोटो ट्रेंड तेजी से वायरल हो रहा है। इस ट्रेंड की चपेट में अब राजनेता भी आ गए हैं। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, किरेन रिजिजू और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा आदि करीब पूरी भाजपा ने एआई की मदद से तैयार 80 के दशक के अंदाज वाली तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की हैं।
पीयूष गोयल ने अपनी रेट्रो तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “Vibing to the 80s trend”। तस्वीर में वह सूट, चश्मे और 80 के दशक की फिल्मी तस्वीर जैसा अंदाज लिए नजर आ रहे हैं। उनकी पोस्ट को सोशल मीडिया पर खूब प्रतिक्रियाएं मिलीं।
वहीं किरेन रिजिजू ने चश्मे, ब्लेजर और खुली शर्ट वाले रेट्रो अंदाज में तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा कि आखिर हर कोई 80 के दशक की ओर क्यों लौट रहा है, तो वह भी इस नॉस्टेल्जिया में शामिल हो गए। हिमंत बिस्व सरमा ने भी इसी ट्रेंड में अपनी तस्वीर साझा कर लिखा, “Back to the 80s eh!”
इन तस्वीरों को देखकर पहली नजर में ऐसा लग सकता है कि ये नेताओं की 1980 के दशक की वास्तविक तस्वीरें हैं, लेकिन कई तस्वीरें एआई से तैयार की गई हैं। आधुनिक तस्वीरों को 80 के दशक के कपड़ों, हेयरस्टाइल, चश्मे, पुराने कैमरे की ग्रेन, फीके रंग और फिल्मी स्टूडियो बैकग्राउंड का रूप दिया जा रहा है।
इस ट्रेंड का इस्तेमाल फिलहाल नेताओं की ओर से किसी बड़े राजनीतिक संदेश के तौर पर नहीं, बल्कि सोशल मीडिया पर हल्के-फुल्के और ट्रेंडिंग कंटेंट के रूप में दिखाई दे रहा है। हालांकि, राजनीतिक विश्लेषण में इसे नेताओं के डिजिटल माध्यमों पर सक्रिय रहने और युवा, खासकर सोशल मीडिया पर सक्रिय पीढ़ी से जुड़ने की कोशिश के रूप में भी देखा जा रहा है। यानी 80 की यादें, एआई का तड़का और नेताओं का नया अंदाज,तीनों मिलकर सोशल मीडिया पर नया राजनीतिक रेट्रो ट्रेंड बना रहे हैं।


