19 सितंबर तक होंगे धार्मिक आयोजन
फर्रुखाबाद। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर शहर के प्रमुख मंदिरों में तैयारियां तेज हो गई हैं। ठाकुरद्वारा श्री राधा गोपाल मंदिर में रंगाई-पुताई का काम चल रहा है। मंदिर में जन्माष्टमी पर विशेष पूजा-अर्चना होगी। वर्ष में एक बार होने वाली मंगला आरती के बाद दोपहर 12 बजे ठाकुर जी का महाभिषेक और राजभोग होगा। शाम छह बजे भक्तों के दर्शन के लिए मंदिर के पट खोले जाएंगे। रात 12 बजे फिर महाभिषेक होगा। आयोजन में करीब दो हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
लोहाई रोड स्थित श्री राधा श्याम शक्ति मंदिर में भी जन्माष्टमी से 19 सितंबर तक धार्मिक कार्यक्रम होंगे। चार सितंबर से कार्यक्रम शुरू होंगे। छह सितंबर को अष्ट सखी पूजन, आठ सितंबर को सुंदरकांड पाठ, 11 सितंबर को राणी सती दादी महोत्सव, 13 सितंबर को लाल छठी महोत्सव और 15 सितंबर को गोपाल सहस्त्रनामावली यज्ञ होगा। 18 सितंबर को ललिता सखी पूजन तथा 19 सितंबर को श्री राधा महाभिषेक एवं महाआरती होगी। आयोजनों के निमंत्रण पत्र छप चुके हैं और श्रद्धालुओं को वितरित किए जा रहे हैं। मंदिर में तीन सितंबर से विशेष सजावट और रोशनी शुरू होगी।
जन्माष्टमी को लेकर बाजार भी सजने लगा है। भगवान श्रीकृष्ण के झूले 400 से 2500 रुपये, पोशाक 50 से 400 रुपये और मुकुट 50 से 300 रुपये तक उपलब्ध हैं। पत्थर के विग्रह 400 से 3000 रुपये तक बिक रहे हैं। बच्चों के लिए श्रीकृष्ण की पोशाक 200 से 1000 रुपये तक उपलब्ध है। दुकानदारों के अनुसार इस बार पिछले वर्ष की तुलना में करीब 15 प्रतिशत तक महंगाई बढ़ी है। दो और तीन सितंबर को खरीदारी बढ़ने की उम्मीद है।


