फर्रुखाबाद। बेसिक शिक्षा विभाग के वित्त एवं लेखा अधिकारी कार्यालय में शिक्षकों के एरियर भुगतान से जुड़ा काम कथित तौर पर परेशानी का सबब बना हुआ है। एरियर का कार्य देख रहीं लेखाकार प्रीति पर शिक्षकों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। शिक्षकों का कहना है कि बिना सुविधा शुल्क के उनका काम आगे नहीं बढ़ाया जाता और छोटी-छोटी बातों के लिए उन्हें कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ते हैं।शिक्षकों का आरोप है कि उनका एरियर भुगतान लंबे समय से लंबित है, लेकिन कार्यालय में फाइलों के निस्तारण के बजाय उन्हें लगातार टालने का रवैया अपनाया जा रहा है। इससे शिक्षकों में आक्रोश बढ़ रहा है। आरोपों ने वित्त एवं लेखा कार्यालय की कार्यप्रणाली और पारदर्शिता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।मामले में वित्त एवं लेखा अधिकारी बेसिक सुशील कुमार का पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल फोन बंद मिला।
अब देखना यह है कि विभागीय अधिकारी इन आरोपों को गंभीरता से लेते हुए जांच कराते हैं या फिर एरियर के लिए शिक्षकों को इसी तरह कार्यालय के चक्कर काटने पड़ते रहेंगे।


