फर्रुखाबाद। जिले में सोमवार देर रात से शुरू हुई बारिश मंगलवार सुबह भी जारी रही। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक रुक-रुककर हो रही बारिश से मौसम सुहावना हो गया और लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिली। कभी तेज तो कभी हल्की बारिश का सिलसिला सुबह से बना रहा।
बारिश के चलते तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। मंगलवार को अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह से आसमान में बादल छाए रहने के साथ कई इलाकों में तेज बारिश हुई। सड़कों और गलियों में पानी जमा होने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
इससे पहले रविवार रात भी जिले के कई हिस्सों में झमाझम बारिश हुई थी। सोमवार सुबह आसमान में बादल छाए रहे, लेकिन बाद में मौसम साफ हो गया था। अब मंगलवार को दोबारा बारिश शुरू होने से मौसम का मिजाज बदल गया है। जिले में अब तक कुल 227 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। लगातार बारिश का असर खेती पर भी पड़ रहा है। किसानों के मुताबिक धान की फसल के लिए बारिश लाभदायक है, जबकि सब्जियों की फसल को नुकसान की आशंका है। खेतों में पानी भरने से सब्जियों की फसल सड़ने का खतरा बढ़ जाता है। वहीं धान की फसल को पर्याप्त पानी मिलने से किसानों को फायदा होने की उम्मीद है।


