सिद्धार्थनगर: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर (Siddharthnagar) जिले में एक डॉक्टर (doctor) की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। आरोप है कि निजी डायग्नोस्टिक सेंटर पर अल्ट्रासाउंड के दौरान डॉक्टर ने युवती के साथ छेड़छाड़ की। युवती के शोर मचाने पर उसके परिजन और अन्य लोग सेंटर पर पहुंच गए। इसके बाद डॉक्टर की पिटाई की गई। वीडियो में कुछ लोग डॉक्टर को थप्पड़ मारते दिख रहे हैं। पीछे युवती रोती नजर आ रही है।
हालांकि, मामले में अब तक युवती की आधिकारिक शिकायत या पुलिस की विस्तृत कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है। यह घटना जिला मुख्यालय से करीब 22 किलोमीटर दूर बांसी कोतवाली तिराहे के पास स्थित डायमंड डायग्नोस्टिक सेंटर की बताई जा रही है। यह सेंटर बांसी कोतवाली से करीब 50 मीटर की दूरी पर है। वायरल वीडियो करीब चार से पांच दिन पुराना बताया जा रहा है।
युवती का आरोप है कि अल्ट्रासाउंड करते समय रेडियोलॉजिस्ट डॉ. एलएस सिंह ने उसके निजी अंग को छुआ, इसके बाद उसने शोर मचाया, आवाज सुनकर लोग सेंटर पर जुट गए, युवती के परिजनों ने डॉक्टर की पिटाई कर दी। वीडियो में डॉक्टर कुर्सी पर बैठे नजर आते हैं और लोग उन्हें थप्पड़ मारते दिखाई देते हैं। घटना के दौरान पुलिसकर्मी की मौजूदगी भी नजर आ रही है।
बताया जा रहा है कि डॉ. एलएस सिंह बांसी के सरकारी अस्पताल में तैनात हैं। आरोप है कि वह निजी डायग्नोस्टिक सेंटर पर अल्ट्रासाउंड कर रहे थे। इस मामले में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) ने कहा कि सरकारी डॉक्टर का निजी सेंटर पर अल्ट्रासाउंड करना नियमों के खिलाफ है। उन्होंने मामले की जांच कराने की बात कही है।


