29 C
Lucknow
Monday, August 31, 2026

अस्थियां विसर्जित करने जा रहे परिवार पर टूटा कहर, 6 की मौत

Must read

 

कासगंज। कासगंज-मथुरा मार्ग पर सोमवार तड़के भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा कासगंज कोतवाली क्षेत्र में शिव इंटर कॉलेज कातौर के पास करीब 3:45 बजे हुआ। राजस्थान से सोरों में अस्थियां विसर्जित करने जा रही मैक्स पिकअप सड़क पर बैक कर रहे ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मैक्स का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और उसमें सवार कई लोग सीटों के नीचे दब गए।

पुलिस के मुताबिक मैक्स में कुल 26 लोग सवार थे, जिनमें सात बच्चे, आठ महिलाएं और 11 पुरुष शामिल थे। सभी राजस्थान के करौली और भरतपुर जिले के रहने वाले थे और एक परिवार के रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। परिवार में 25 अगस्त को हुई एक मौत के बाद रविवार शाम करीब 5:30 बजे सभी लोग अस्थियां लेकर सोरों के लिए रवाना हुए थे। रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस की मदद से वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकाला। सभी को जिला अस्पताल कासगंज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उमेश (33), प्रेम (35) और नेहरू (60) को मृत घोषित कर दिया। गंभीर हालत के चलते आठ घायलों को अलीगढ़ रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान रीना (32), रंजीत (33) और अंजलि ने भी दम तोड़ दिया। हादसे में मृतकों की संख्या छह हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी प्रणय सिंह और पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह समेत प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना और चिकित्सकों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए। घायल यात्रियों ने बताया कि हादसे के समय कई लोग मैक्स में सो रहे थे। अचानक तेज झटका लगा और चीख-पुकार मच गई। कई यात्री वाहन के अंदर दब गए थे।

कोतवाली प्रभारी जगदीश चंद्र राजपूत के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रक हाईवे के बीच बैक कर रहा था, इसी दौरान पीछे से आ रही मैक्स उससे टकरा गई। दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस हादसे के कारणों और लापरवाही के पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम और अन्य कानूनी कार्रवाई के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article