29 C
Lucknow
Tuesday, August 25, 2026

इंसानियत शर्मसार, दिव्यांग 14 वर्षीय बच्ची पर भी हमला

Must read

 

ठेला लगाकर परिवार पाल रही मां का आरोप—गंदगी करने से मना करने पर घर में घुसकर मारपीट

फर्रुखाबाद। थाना कमालगंज क्षेत्र के ग्राम श्रृंगीरामपुर में 100 प्रतिशत दिव्यांग 14 वर्षीय किशोरी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने गांव के ही कुछ लोगों पर गाली-गलौज, घर पर हमला करने और लाठी-डंडों से मारपीट करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।

थाना प्रभारी को दिए गए प्रार्थना पत्र में प्रियंका पत्नी राजेश दुबे निवासी ग्राम श्रृंगीरामपुर ने बताया कि वह अपनी 14 वर्षीय दिव्यांग बेटी प्रियांशी के साथ ठेला लगाकर परिवार का भरण-पोषण करती हैं। आरोप है कि गांव के शिवम तिवारी पुत्र मनोज तिवारी, सत्यम तिवारी पुत्र मनोज, किशन तिवारी, सुधांशु पुत्र स्व. रमेश, मनोजा पत्नी मनोज, रागिनी तिवारी और रेवती समेत कुछ लोग आए दिन उनके ठेले के सामने पानी और कीचड़ फेंकते हैं।

प्रियंका के मुताबिक, रविवार शाम करीब सात बजे जब उन्होंने और उनकी बेटी ने दुकान के सामने कूड़ा-कचरा व कीचड़ फेंकने से मना किया तो आरोपित गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि इस दौरान दिव्यांग किशोरी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी अभद्रता की गई।

पीड़ित परिवार का कहना है कि घटना के संबंध में बच्ची के पिता ने उसी रात थाना कमालगंज पहुंचकर लिखित शिकायत दी थी। आरोप है कि शिकायत की जानकारी होने के बाद आरोपी पक्ष और भड़क गया। 24 अगस्त की रात आरोपितों ने कथित रूप से एकजुट होकर लाठी-डंडों से लैस होकर उनके घर पर हमला कर दिया।

आरोप है कि हमले में बच्ची के पिता और 14 वर्षीय दिव्यांग किशोरी समेत परिवार के कई सदस्यों को चोटें आईं। परिवार ने किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद पीड़िता ने थाना प्रभारी को दूसरा प्रार्थना पत्र देकर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपितों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने तहरीर मिलने की पुष्टि की है। मामले की जांच की जा रही है। आरोपों की पुष्टि जांच और पुलिस कार्रवाई के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article