– 29.45 करोड़ से खरीदे जाएंगे सुरक्षा उपकरण
लखनऊ। प्रदेश में कानून-व्यवस्था के दौरान हिंसक भीड़ से निपटने और पुलिसकर्मियों की सुरक्षा मजबूत करने के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस को बड़ी मात्रा में नए सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके लिए गृह विभाग ने 29.45 करोड़ रुपये की राशि जारी कर दी है। इस धनराशि से पुलिस के लिए हेलमेट, पीवीसी डंडे, पीवीसी शील्ड और बैलिस्टिक शील्ड खरीदी जाएंगी।
प्रस्तावित खरीद के तहत पुलिसकर्मियों के लिए 30 हजार हेलमेट और 30 हजार पीवीसी शील्ड खरीदी जाएंगी। इसके साथ ही भीड़ नियंत्रण के दौरान इस्तेमाल के लिए बड़ी संख्या में पीवीसी डंडे भी उपलब्ध कराए जाएंगे। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए 1,500 बैलिस्टिक शील्ड भी खरीदी जाएंगी।
हिंसक प्रदर्शन, पथराव और भीड़ के उग्र होने जैसी परिस्थितियों में ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों को चोट से बचाने के लिए सुरक्षा उपकरणों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। नई खरीद के बाद पुलिस बल के पास भीड़ नियंत्रण और संवेदनशील परिस्थितियों से निपटने के लिए बेहतर सुरक्षा संसाधन उपलब्ध होंगे।
गृह विभाग की ओर से जारी धनराशि के बाद अब निर्धारित प्रक्रिया के तहत उपकरणों की खरीद की जाएगी। हेलमेट और शील्ड पुलिसकर्मियों को पथराव तथा अन्य हमलों से बचाने में मदद करेंगे, जबकि बैलिस्टिक शील्ड अधिक संवेदनशील एवं गंभीर परिस्थितियों में सुरक्षा कवच का काम करेंगी।
सरकार की इस पहल को कानून-व्यवस्था के दौरान पुलिसकर्मियों की सुरक्षा बढ़ाने और बल को आधुनिक सुरक्षा संसाधनों से लैस करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।:::


