लखनऊ। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार दो दिवसीय दौरे पर सोमवार को लखनऊ पहुंचे। उन्होंने लखनऊ पहुंचने पर कहा कि “बहुत दिनों बाद लखनऊ आना हुआ” और लखनऊ को अपनी कर्मभूमि बताया। अपने दौरे के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त विभिन्न चुनावी कार्यक्रमों में शामिल होंगे और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ संवाद करेंगे।
मुख्य चुनाव आयुक्त आज और मंगलवार को लखनऊ में रहेंगे। इस दौरान वह ईएलसी 2.0 और ईसीआईनेट से जुड़े सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। सम्मेलन में चुनाव प्रक्रिया को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी।
दौरे के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के साथ भी संवाद करेंगे। वह जमीनी स्तर पर मतदाता सूची तैयार करने, मतदाता पंजीकरण और चुनावी प्रक्रिया के संचालन में आने वाली चुनौतियों के बारे में जानकारी लेंगे।
मुख्य चुनाव आयुक्त के लखनऊ दौरे को आगामी चुनावों की तैयारियों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। चुनाव आयोग की ओर से मतदाता सूची को अधिक सटीक बनाने और तकनीक के बेहतर इस्तेमाल पर लगातार जोर दिया जा रहा है।
लखनऊ पहुंचने पर ज्ञानेश कुमार ने अपने पुराने जुड़ाव का उल्लेख करते हुए कहा कि लंबे समय बाद राजधानी आने का अवसर मिला है। “लखनऊ मेरी कर्मभूमि है” कहते हुए उन्होंने शहर से अपने विशेष संबंध को भी जाहिर किया।:::


