फर्रुखाबाद। नगर को स्वच्छ, सुंदर और सुविधाजनक बनाने की दिशा में नगर पंचायत शमशाबाद ने एक नई पहल शुरू की है। नगर पंचायत द्वारा लाखों रुपये की लागत से नगर के प्रमुख मार्गों एवं सार्वजनिक स्थलों पर 100 सीमेंटेड कुर्सियां स्थापित कराई जाएंगी। इस योजना का उद्देश्य राहगीरों, वृद्धजनों, महिलाओं और बच्चों को आवागमन के दौरान बैठकर विश्राम करने की सुविधा उपलब्ध कराना है।
जानकारी के अनुसार नगर पंचायत ने नगर के लगभग आधा सैकड़ा प्रमुख स्थानों को चिन्हित किया है, जहां चरणबद्ध तरीके से सीमेंटेड कुर्सियां लगाई जाएंगी। इन कुर्सियों के स्थापित होने से बाजार आने वाले लोगों, मरीजों के तीमारदारों, बुजुर्गों तथा आम नागरिकों को काफी राहत मिलेगी। साथ ही नगर के सार्वजनिक स्थलों की सुंदरता भी बढ़ेगी।
नगर पंचायत द्वारा जिन प्रमुख मार्गों और स्थानों पर सीमेंटेड कुर्सियां लगाई जाएंगी, उनमें बैंक मार्ग, बस स्टैंड मार्ग, मंदिर मार्ग, सिकंदरपुर मार्ग, पुलिस थाना मार्ग, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मार्ग, ब्लॉक मार्ग, चौमुखी महादेव मंदिर मार्ग, अलेपुर मार्ग, रामलीला मैदान मार्ग, ढाईघाट मार्ग तथा मोहल्ला दलमीर खां मार्ग सहित अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थल शामिल हैं।
नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि नदीम अहमद फारूकी ने बताया कि नगर को स्वच्छ, सुंदर और नागरिक सुविधाओं से सुसज्जित बनाने के लिए विकास कार्य लगातार कराए जा रहे हैं और भविष्य में भी इसी गति से जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि नगरवासियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर पंचायत की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से सार्वजनिक स्थलों पर सीमेंटेड कुर्सियां लगाई जा रही हैं, ताकि लोगों को बैठने और आराम करने के लिए बेहतर व्यवस्था मिल सके।
उन्होंने यह भी कहा कि नगर में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रयास किया जा रहा है कि भविष्य में एक बेहतर अस्पताल का निर्माण हो, जिससे गंभीर रूप से बीमार मरीजों को इलाज के लिए दूसरे शहरों का रुख न करना पड़े और उन्हें स्थानीय स्तर पर ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
नगर पंचायत की इस पहल का नगरवासियों ने स्वागत करते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर बैठने की व्यवस्था होने से विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगजनों को काफी सुविधा मिलेगी। लोगों का मानना है कि यह कदम नगर के सौंदर्यीकरण के साथ-साथ जनसुविधाओं को बढ़ाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण साबित होगा।
शमशाबाद में लाखों की लागत से लगेंगी 100 सीमेंटेड कुर्सियां, नगर के प्रमुख मार्गों पर राहगीरों को मिलेगी आराम की सुविधा


