फर्रुखाबाद। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जिला प्रशासन की ओर से निर्माण श्रमिकों और उनके परिवारों को शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। सहायक श्रम आयुक्त कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जा रहा है।
8 अक्टूबर को आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी के निर्देश पर उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत निर्माण श्रमिकों के पंजीकरण एवं नवीनीकरण के लिए लोगों को जागरूक किया गया। श्रमिकों को विभिन्न योजनाओं की पात्रता और मिलने वाली आर्थिक सहायता की जानकारी दी गई।
निर्माण श्रमिकों को बताया गया कि मातृत्व, शिशु एवं बालिका मदद योजना के तहत पुत्र के जन्म पर 20,000 तथा पुत्री के जन्म पर 25,000 तक सहायता का प्रावधान है।
संत रविदास शिक्षा प्रोत्साहन सहायता योजना के तहत कक्षा 1 से 5 तक 2,000, कक्षा 6 से 10 तक 2,500, कक्षा 11 से 12 तक 3,000 तथा स्नातक या समकक्ष स्तर पर ₹12,000 तक सहायता दिए जाने की जानकारी दी गई।
इसी प्रकार अटल आवासीय विद्यालय योजना, कन्या विवाह सहायता योजना तथा निर्माण श्रमिक की दुर्घटना में मृत्यु अथवा दिव्यांगता की स्थिति में मिलने वाली आर्थिक सहायता के बारे में भी श्रमिकों को बताया गया। दुर्घटना में मृत्यु के बाद आश्रितों को 5.25 लाख तथा सामान्य मृत्यु के मामले में 2.25 लाख तक आर्थिक सहायता का उल्लेख किया गया।
इसके अलावा असंगठित कर्मकारों के लिए प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना और लघु व्यापारियों के लिए एनपीएस ट्रेडर्स योजना के तहत पंजीकरण कराने की अपील की गई। योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को 60 वर्ष की आयु के बाद 3,000 प्रतिमाह पेंशन का प्रावधान बताया गया।
कार्यक्रम के दौरान श्रमिकों और सेवायोजकों से योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की गई। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, फर्रुखाबाद सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के बाद प्रचार-प्रसार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
जिले में सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न विभागों द्वारा इसी प्रकार शिविरों के माध्यम से पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का अभियान जारी है।


