EOW ने इंद्रजीत नट्टोजी को मुंबई से दबोचा, महाकुंभ-2025 की डॉक्यूमेंट्री से जुड़ा है मामला
लखनऊ। महाकुंभ-2025 पर डॉक्यूमेंट्री बनाने के नाम पर करोड़ों रुपये की कथित धोखाधड़ी और गबन के मामले में आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन ने मुख्य आरोपी इंद्रजीत नट्टोजी को मुंबई से गिरफ्तार किया है। आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहा था। EOW ने उसे 6 अक्टूबर को मुंबई के अंधेरी वेस्ट स्थित वरसोवा थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
जांच के अनुसार डॉक्यूमेंट्री निर्माण के लिए संबंधित कंपनियों के बीच अनुबंध हुआ था और परियोजना के लिए जीएसटी सहित 5.60 करोड़ से अधिक का भुगतान किया गया था। आरोप है कि आरोपियों ने कूटरचित बिल, फर्जी अनुबंध और भ्रामक दस्तावेजों के माध्यम से रकम का दुरुपयोग किया तथा डॉक्यूमेंट्री तैयार नहीं की।
जांच में कर्मचारियों के भोजन और कैटरिंग के नाम पर करीब 75 लाख के कथित फर्जी हस्तलिखित बिल लगाए जाने की बात भी सामने आई है। इसके अलावा काम पूरा न करने की धमकी देकर करीब 20 लाख की कथित जबरन वसूली और शूटिंग व स्टूडियो किराये के नाम पर अतिरिक्त रकम मांगने के आरोप हैं।
ईओड डबल्यू के मुताबिक मामले में 6 आरोपियों पर आपराधिक षड्यंत्र, धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात, जबरन वसूली, धमकी और 50 टीबी से अधिक फुटेज की चोरी समेत सात करोड़ रुपये से अधिक के गबन के आरोप हैं। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।


