35.7 C
Lucknow
Tuesday, July 7, 2026

शटडाउन के बावजूद ट्रांसफार्मर पर दौड़ गया करंट, सहायक लाइनमैन गंभीर रूप से झुलसा; मां ने जेई और एसएसओ पर लगाए लापरवाही के आरोप

Must read

फर्रुखाबाद। शमशाबाद विद्युत उपकेंद्र से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां ट्रांसफार्मर की तकनीकी खराबी ठीक करने के दौरान सहायक लाइनमैन करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद घायल कर्मचारी की मां ने विद्युत विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेई) और एसएसओ पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शमशाबाद थाना पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, शमशाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम पसियापुर निवासी लड़ैती देवी पत्नी मेघनाथ ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनका पुत्र धीर सिंह शमशाबाद विद्युत केंद्र पर संविदा के आधार पर सहायक लाइनमैन के पद पर कार्यरत है। सोमवार को जेई शमशाबाद के निर्देश पर धीर सिंह ग्राम मुरैठी में लगे विद्युत ट्रांसफार्मर की तकनीकी खराबी दूर करने के लिए गया था।
शिकायती पत्र के अनुसार, ट्रांसफार्मर पर कार्य शुरू करने से पहले विधिवत शटडाउन लिया गया था, ताकि सुरक्षित तरीके से मरम्मत का कार्य किया जा सके। लेकिन काम के दौरान अचानक विद्युत आपूर्ति चालू हो गई और ट्रांसफार्मर में करंट दौड़ गया। इससे धीर सिंह करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि घटना के बाद विभागीय अधिकारी अपनी जिम्मेदारी निभाने के बजाय मौके से हट गए। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित जेई विद्युत केंद्र छोड़कर चला गया।
घटना के बाद गंभीर रूप से घायल धीर सिंह को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) शमशाबाद ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल, फर्रुखाबाद रेफर कर दिया। वहां उसका उपचार जारी है।
पीड़ित की मां लड़ैती देवी ने शमशाबाद थाना पुलिस से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर विद्युत विभाग के संबंधित जेई और एसएसओ के खिलाफ लापरवाही बरतने तथा जान जोखिम में डालने के आरोप में विधिक कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि यदि शटडाउन के दौरान बिजली आपूर्ति दोबारा चालू नहीं की जाती, तो उनका पुत्र इस गंभीर हादसे का शिकार नहीं होता।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article