31 C
Lucknow
Monday, August 24, 2026

सावन के आखिरी सोमवार पर लोधेश्वर में उमड़ा आस्था का जन सैलाब, रात से डटे रहे डीएम-एसपी

Must read

हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंजा महादेवा, कड़ी सुरक्षा के बीच श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक
, रामनगर बाराबंकी। श्रावण मास के चौथे एवं अंतिम सोमवार को प्रसिद्ध तीर्थस्थल लोधेश्वर महादेवा में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। रविवार शाम से ही लखनऊ, उन्नाव, कानपुर, झांसी, उरई, जालौन, एटा, इटावा, मैनपुरी, कन्नौज, हमीरपुर, रायबरेली, सीतापुर, बहराइच, गोंडा और अयोध्या समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों से श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। देर रात तक पूरा मेला क्षेत्र शिवभक्तों से खचाखच भर गया। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से पूरा महादेवा शिवमय हो उठा।
भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर के पट आधी रात से ही श्रद्धालुओं के दर्शन और जलाभिषेक के लिए खोल दिए गए। जालीदार बैरिकेडिंग के बीच लंबी कतारों में खड़े श्रद्धालु जयकारे लगाते हुए बाबा लोधेश्वर के दरबार की ओर बढ़ते रहे। हजारों कांवड़िए डाक कांवड़ के माध्यम से भी महादेवा पहुंचे। श्रद्धालुओं ने बेलपत्र, दूध और गंगाजल से भगवान शिव का अभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
रात से ही अधिकारियों ने संभाली व्यवस्था
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह और पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय रविवार रात से ही मेला क्षेत्र में मौजूद रहे और सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी। दोनों अधिकारियों ने सोमवार को भी संयुक्त रूप से लोधेश्वर महादेवा मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन, जलाभिषेक, कांवड़ियों के आवागमन और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी निरंकार सिंह, उप जिलाधिकारी आकांक्षा गुप्ता, क्षेत्राधिकारी गरिमा पंत और तहसीलदार विपुल कुमार सिंह भी रविवार रात से ही मेला क्षेत्र में कैंप कर व्यवस्था संभालते रहे। अधिकारियों ने प्रवेश द्वार, बैरिकेडिंग, कांवड़ मार्ग और भीड़ वाले स्थानों पर स्वयं निगरानी की।
हजारों पुलिसकर्मी रहे तैनात
सुरक्षा व्यवस्था में छह सीओ, दो दर्जन से अधिक निरीक्षक एवं थाना प्रभारी समेत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात रहे। एक पीएसी बटालियन भी सुरक्षा में लगाई गई। थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार सिंह, इंस्पेक्टर सुभाष चंद्र यादव और महादेवा चौकी प्रभारी रजनीश पांडेय पुलिसकर्मियों के साथ लगातार मुस्तैद रहे। यातायात पुलिस ने वाहनों के आवागमन को सुचारु रखने के लिए रूट डायवर्जन और यातायात व्यवस्था संभाली।
भीड़ इतनी अधिक रही कि सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी, लेकिन अधिकारियों की लगातार निगरानी में श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से मंदिर तक पहुंचाया गया।
चिकित्सा शिविरों में मिली निश्शुल्क सुविधा
मंदिर परिसर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से एलोपैथिक, आयुर्वेदिक और होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर लगाए गए। चिकित्सक डॉ. सौरभ सोनकर, डॉ. वेद प्रकाश, डॉ. लक्ष्मी और डॉ. प्रिया सिंह सहयोगी स्टाफ के साथ श्रद्धालुओं को निश्शुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराते रहे। प्रशासन की सतर्कता और व्यापक व्यवस्थाओं के बीच सावन के अंतिम सोमवार पर श्रद्धालुओं ने बाबा लोधेश्वर के दर्शन और जलाभिषेक कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article