31 C
Lucknow
Wednesday, August 19, 2026

छात्रों के समर्थन में तेजस्वी का राजभवन मार्च, हिरासत में लिए गए; पटना में हंगामा

Must read

 

वाटर कैनन चलाई गई, प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़ी, पुलिस पर बोतलें फेंकीं

पटना। सीवान में छात्र आंदोलन के दौरान कथित एके-47 से फायरिंग के मामले को लेकर बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बुधवार को सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। तेजस्वी यादव ने जेपी गोलंबर से लोकभवन की ओर करीब 5 किलोमीटर लंबा मार्च निकाला। उनके साथ बड़ी संख्या में आरजेडी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।

मार्च के दौरान डाकबंगला चौराहे पर पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेडिंग को प्रदर्शनकारियों ने तोड़ दिया और आगे बढ़ने की कोशिश की। इसके बाद इनकम टैक्स चौराहे के पास पुलिस ने तेजस्वी यादव और समर्थकों पर वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने तेजस्वी यादव को हिरासत में ले लिया।

तेजस्वी को जिस बस में बैठाया गया, उसके आसपास कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। कुछ कार्यकर्ता बस के ऊपर भी चढ़ गए और बस की हवा निकाल दी, जिससे पुलिस वाहन आगे नहीं बढ़ सका। प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प भी हुई। कुछ प्रदर्शनकारियों द्वारा पुलिस की ओर पानी की बोतलें फेंकने की बात भी सामने आई है।

तेजस्वी यादव ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वे जेल से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों पर गोली चलाने के मामले में सरकार को जवाब देना होगा। तेजस्वी ने सीवान के डीएम और एसपी के तबादले को भी अपर्याप्त बताते हुए निलंबन की मांग दोहराई।

आरजेडी का आरोप है कि छात्र आंदोलन के दौरान पुलिस ने एके-47 से फायरिंग की। पार्टी इसी मुद्दे को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है। वहीं प्रशासन ने मार्च को देखते हुए पटना में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। डाकबंगला चौराहे समेत कई प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग कर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं के हाथों में तिरंगा और युवाओं के रोजगार से जुड़े पोस्टर दिखाई दिए। कुछ कार्यकर्ता लकड़ी की एके-47 लेकर भी पहुंचे, जिसे पार्टी ने प्रतीकात्मक विरोध बताया। पुलिस अधिकारियों ने जवानों को तिरंगे का सम्मान करने और बल प्रयोग में संयम बरतने के निर्देश दिए।

सीवान के डीएम विवेक रंजन मैत्रेय को हटाकर प्रतीक्षारत रखा गया है, जबकि एसपी पूरन कुमार झा की जगह भारत सोनी को नया एसपी बनाया गया है। तेजस्वी यादव का कहना है कि केवल तबादले से काम नहीं चलेगा और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article