31 C
Lucknow
Wednesday, August 19, 2026

नकब लगाकर लाखों की चोरी, दो घरों को बनाया निशाना

Must read

 

कायमगंज। कंपिल थाना क्षेत्र के हरकरनपुर गांव में मंगलवार रात अज्ञात चोरों ने दो मकानों को निशाना बनाया। एक घर की पिछली दीवार में नकब लगाकर चोर करीब एक लाख रुपये की नकदी और लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। दूसरे मकान में भी नकब लगाने का प्रयास किया गया, लेकिन चोर वारदात को अंजाम देने में सफल नहीं हो सके। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया।

गांव निवासी नीलेश राजपूत के अनुसार उन्होंने मंगलवार को ही बैंक से एक लाख रुपये निकाले थे। यह रकम भैंस खरीदने के लिए घर में रखी थी। रात में परिवार के सदस्य मकान के बाहर बरामदे में सो रहे थे। इसी दौरान चोरों ने मकान के पीछे स्थित दो कमरों की दीवार में दो स्थानों पर नकब लगाया और अंदर दाखिल हो गए।

चोर बक्से में रखे एक लाख रुपये नकद के अलावा सोने के चार कंगन, हार, जंजीर, एक जोड़ी झुमकी, दो अंगूठियां, एक जोड़ी पायल, कमरबंद समेत अन्य सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। सुबह घटना की जानकारी उस समय हुई जब परिवार की बेटी स्कूल जाने के लिए उठी और कमरे में पहुंची। अंदर सामान बिखरा देखकर उसने परिजनों को सूचना दी।

परिजनों ने तत्काल डायल-112 पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। बाद में थाना पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर आसपास के लोगों से पूछताछ की और चोरी से जुड़े साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया।

इसी रात गांव के एक अन्य मकान में भी चोरों ने नकब लगाने का प्रयास किया, लेकिन वहां चोरी करने में सफल नहीं हो सके। एक ही रात में दो घरों को निशाना बनाए जाने से ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

पुलिस का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आसपास लगे कैमरों और अन्य संभावित सुरागों के आधार पर चोरों की तलाश में जुटी है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article