अयोध्या। राम मंदिर चढ़ावा गबन मामले की जांच में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जांच के दौरान गिरफ्तार सात आरोपियों के कब्जे से 80 लाख 92 हजार रुपये नकद, 1,121 अमेरिकी डॉलर तथा सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। बरामदगी की सूची सामने आने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है।
जांच एजेंसियों के अनुसार, आरोपियों से बरामद नकदी और विदेशी मुद्रा को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले में अन्य वित्तीय लेन-देन और संपत्तियों की भी जांच की जा रही है।
बरामदगी के अनुसार मनीष यादव के पास से 2 लाख रुपये, करुणेश के पास से 18 लाख 7 हजार रुपये, लवकुश के पास से 14 लाख 25 हजार रुपये, अनुकल्प के पास से 16 लाख 82 हजार रुपये, रमाशंकर के पास से 7 लाख 32 हजार रुपये, अविनाश शुक्ला के पास से 20 लाख 39 हजार रुपये तथा 1,121 अमेरिकी डॉलर, जबकि टिन्नू यादव के पास से 1 लाख रुपये बरामद किए गए हैं।
इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से सोने और चांदी के आभूषण भी बरामद किए गए हैं। पुलिस और जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि बरामद धनराशि और जेवरात का संबंध कथित गबन से है या नहीं।
जांच अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन पड़ताल की जा रही है। बरामद नकदी, विदेशी मुद्रा और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों से पूछताछ जारी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस पूरे प्रकरण में अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता तो नहीं है।
गौरतलब है कि राम मंदिर चढ़ावा गबन मामले को लेकर जांच लगातार तेज हो रही है। पुलिस और संबंधित एजेंसियां वित्तीय दस्तावेजों, लेन-देन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही हैं।


