ई-पॉस आधारित सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी प्रणाली का शुभारंभ
फर्रुखाबाद। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उचित दर विक्रेताओं (कोटेदारों) के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए उनके लाभांश को ₹90 से बढ़ाकर ₹125 प्रति क्विंटल कर दिया है। साथ ही सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी के अंतर्गत ई-पॉस आधारित प्रणाली का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर सोमवार को जनपद फर्रुखाबाद की सभी विधानसभा क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित कर कोटेदारों को सरकार की इस सौगात की जानकारी दी गई।
सदर विधानसभा क्षेत्र का मुख्य कार्यक्रम कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद राजपूत तथा मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ ने सहभागिता की। जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय के वरिष्ठ सहायक राजीव कुमार सहित विभागीय अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में उचित दर विक्रेता मौजूद रहे। अतिथियों ने लाभांश बढ़ाए जाने को कोटेदारों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए उन्हें बधाई दी।
विधानसभा क्षेत्र 195 भोजपुर में विकासखंड कमालगंज परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां क्षेत्रीय विधायक नागेंद्र सिंह, जिला स्तरीय अधिकारी संजय प्रताप सिंह, खंड विकास अधिकारी श्वेता कौशिक सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में कोटेदारों को नई ई-पॉस आधारित व्यवस्था और खाद्यान्न वितरण प्रणाली में होने वाले बदलावों की जानकारी दी गई।
कायमगंज विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक डॉ. सुरभि, ब्लॉक प्रमुख अनुराधा दुबे तथा उपजिलाधिकारी कायमगंज अभिषेक वर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि लाभांश बढ़ने से उचित दर विक्रेताओं को आर्थिक राहत मिलेगी और नई व्यवस्था से खाद्यान्न वितरण प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी।
अमृतपुर विधानसभा क्षेत्र में भी कार्यक्रम आयोजित किया गया। क्षेत्रीय विधायक सुशील शाक्य, ब्लॉक प्रमुख पल्लव सोमवंशी सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने सहभागिता की। इस दौरान क्षेत्र के कोटेदारों को सरकार की ओर से लाभांश बढ़ाए जाने की जानकारी देते हुए शुभकामनाएं दी गईं।
नई व्यवस्था के तहत खाद्यान्न को सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी के माध्यम से उचित दर दुकानों तक पहुंचाने और ई-पॉस आधारित प्रणाली से वितरण प्रक्रिया को अधिक सुव्यवस्थित करने पर जोर दिया गया है। इससे खाद्यान्न आपूर्ति की निगरानी, वितरण में पारदर्शिता तथा लाभार्थियों तक राशन की उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी।
कार्यक्रमों के दौरान जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने कहा कि उचित दर विक्रेता सार्वजनिक वितरण प्रणाली की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके लाभांश में वृद्धि से उन्हें काम के अनुरूप बेहतर आर्थिक सहयोग मिलेगा। इस अवसर पर जिले के समस्त कोटेदारों को मुख्यमंत्री की इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।


