30 C
Lucknow
Sunday, August 16, 2026

शान से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस, शहीदों की स्मृति और राष्ट्रनिर्माण का लिया संकल्प

Must read

– राज्यमंत्री कैलाश सिंह राजपूत ने फहराया तिरंगा
– डीएम डॉ. अंकुर लाठर ने कहा,अधिकारों के साथ कर्तव्यों का पालन ही आजादी का वास्तविक अर्थ

फर्रुखाबाद। जनपद में 80वां स्वतंत्रता दिवस पूर्ण गरिमा, भव्यता और राष्ट्रप्रेम के साथ मनाया गया। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित मुख्य समारोह में उत्तर प्रदेश के ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत राज्यमंत्री कैलाश सिंह राजपूत मुख्य अतिथि रहे, जबकि जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। विधायक अमृतपुर सुशील कुमार शाक्य और विधायक भोजपुर नागेंद्र सिंह राठौर समेत जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने समारोह में सहभागिता की।

कार्यक्रम की शुरुआत शनिवार सुबह 7:30 बजे भारतरत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई। इसके बाद सुबह 8 बजे वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ ध्वजारोहण और राष्ट्रगान हुआ। अतिथियों ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और कलेक्ट्रेट परिसर में पौधारोपण किया।
समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय रामचरण वर्मा की धर्मपत्नी श्रीमती उर्मिला वर्मा को सम्मानित किया गया। उन्हें माल्यार्पण कर शॉल भेंट की गई। इसके साथ ही जनपद में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सरकारी कर्मचारियों और सफाई कर्मियों को भी सम्मानित किया गया।
जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों ने देश को आजादी के साथ जिम्मेदारियां भी सौंपी हैं। आजादी का वास्तविक अर्थ तभी सार्थक है, जब नागरिक अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी ईमानदारी से पालन करें।

उन्होंने स्वच्छता, यातायात नियमों के पालन, जल संरक्षण, पौधारोपण, बेटियों की शिक्षा और सम्मान तथा जरूरतमंदों की मदद को राष्ट्रनिर्माण से जोड़ते हुए कहा कि सरकारी कार्यालय में आने वाला प्रत्येक नागरिक एक उम्मीद लेकर आता है। जरूरतमंद व्यक्ति सरकारी कार्यालय से सम्मान लेकर जाए, यही सुशासन और लोकतंत्र का मूल उद्देश्य है।

डीएम ने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य फर्रुखाबाद में बेहतर सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ किसानों, महिलाओं, बेटियों और गरीबों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता दिवस पर नागरिकों से सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एक ईमानदार निर्णय, एक पौधा, एक बचाई हुई जान, एक पढ़ाया हुआ बच्चा, एक गरीब की मदद और एक बेटी की सुरक्षा व सम्मान राष्ट्र निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
मुख्य अतिथि राज्यमंत्री कैलाश सिंह राजपूत ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान की स्मृति में देशभर में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश और प्रदेश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहे हैं।
उन्होंने प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई का उल्लेख करते हुए अपराध मुक्त प्रदेश के निर्माण की दिशा में सरकार के प्रयासों को रेखांकित किया।
विधायक भोजपुर नागेंद्र सिंह राठौर ने कहा कि नागरिकों को अपने अधिकारों और कर्तव्यों का बोध होने के साथ उन्हें जीवन में लागू भी करना चाहिए। इससे देश की स्वतंत्रता मजबूत होगी और राष्ट्र निरंतर प्रगति करेगा।
विधायक अमृतपुर सुशील कुमार शाक्य ने भारतीय संस्कृति और स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि देश की आजादी में समाज के हर वर्ग और परिवार का योगदान रहा है। उन्होंने जनपद में महिला अधिकारियों की सक्रिय भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि राष्ट्र की उन्नति के लिए सभी को एकजुट होकर काम करना होगा।
समारोह में कवि शिवओम अंबर, जिला आबकारी अधिकारी गुरु प्रसाद गुप्ता, भूपेंद्र सिंह और विद्यालय की छात्राओं ने भारत की गौरवगाथा पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
समारोह के बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने केंद्रीय कारागार, जिला कारागार और महिला बंदी कारागार के चिकित्सालयों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बंदियों का कुशलक्षेम जाना तथा उन्हें मिष्ठान और फल वितरित किए। कारागार परिसर में पौधारोपण भी किया गया।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article